छत्तीसगढ़ः हर घर तिरंगा अभियान को लेकर RSS पर निशाना, PCC चीफ ने मोहन भागवत को भेजा खादी से बना तिरंगा,कहा – नागपुर मुख्यालय पर फहरा लें 

रायपुर। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर केंद्र सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है, इधर कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ-RSS को निशाने पर ले लिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने RSS प्रमुख मोहन भागवत को खादी से बना तिरंगा भेजा है। कोरियर से भेजे गए राष्ट्रीय ध्वज के साथ मरकाम ने एक पत्र भी भेजा है जिसमें 15 अगस्त के दिन झंडे को RSS के नागपुर स्थित मुख्यालय हेडगेवार भवन पर फहरा लेने का अनुरोध भी किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अगस्त से 15 अगस्त तक देश वासियों को अपने सोशल मीडिया एकांउट की डीपी में तिरंगा लगाने की अपील की है। 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का भी अनुरोध किया है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के अधिकृत ट्वीटर एकाउंट, RSS प्रमुख मोहन भागवत सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील को अस्वीकार कर अपने सोशल मीडिया के डीपी में तिरंगा झंडा नहीं लगाया है। मोहन मरकाम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वे अपने पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के मुख्यालय पर तिरंगा फहराने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत से अनुरोध करें। संघ के इसी मुख्यालय में 52 साल से अधिक समय तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया गया था।

भाजपा बोली, कम से कम तिरंगे की पहचान तो हुई

PCC अध्यक्ष मोहन मरकाम के इस कदम पर भाजपा हमलावर है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता ओ.पी. चौधरी ने कहा, यह अच्छी बात है कि कम से कम कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम को तिरंगे की पहचान तो हुई। उन्होंने तो राष्ट्रीय पर्व के दिन कांग्रेस दफ्तर राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज के बदले कांग्रेस का झण्डा फहरा दिया था। चौधरी ने कहा, अमृत काल को ‘नौटंकी’ कहने वाले मरकाम को अगर तिरंगे के सम्मान की सदबुद्धि आई तो यह संतोष की बात है।

कभी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को भेजा था आईना

अप्रैल 2019 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आईना भेजा था। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आईना भेजते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा था, मैं आपको यह आईना तोहफा स्वरूप भेज रहा हूं। इस आईने को आप लोक कल्याण मार्ग के अपने आवास में किसी ऐसी जगह लगाएं जहां से आप सबसे अधिक बार गुजरते हों। ताकि इस आईने में अपनी शक्ल बार बार देख आप अपनी असली चेहरे को पहचानने की कोशिश कर सकें।