छत्तीसगढ़ः तिरंगा पर राजनीति, प्रदेश भाजपा कार्यालय में तिरंगा की बिक्री, कांग्रेस ने कहा-‘देश बेचने वाले अब तिरंगा बेचने लगे’

रायपुर। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भाजपा ने एकात्म परिसर में झंडा बिक्री केंद्र शुरू किया है। अभियान के प्रदेश प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने बिक्री केंद्र का बकायदा उद्घाटन किया। भाजपा कार्यालय में तिरंगा बिक्री शुरू होने के साथ ही कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपक लिया।

अब कांग्रेस भाजपा पर आरोप लगा रही है कि देश बेचने वाले अब तिरंगा बेचने लगे हैं। तिरंगा कांग्रेस के लिए स्वाभिमान का प्रतीक, भाजपा के लिए राजनीति का जरिया है। कांग्रेस के आरोपों का भाजपा ने भी जवाब दिया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा राजनीति का विषय नहीं, बल्कि देश के अखंडता और एकता का प्रतीक है। लोगों को तिरंगा आसानी से उपलब्ध हो, इसलिए भाजपा कार्यालय में बिक्री शुरू की गई है।

दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस सरकार भी हर घर तिरंगा पहुंचाने की मुहिम में जुटी है। सरकार और संगठन नौ अगस्त से अभियान शुरू कर रहे हैं। भाजपा कार्यालय में पहले दिन करीब एक हजार झंडे की बिक्री हुई। एक झंडे की कीमत 20 रुपये तय की गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा वास्तव में तिरंगे का सम्मान करती है, तो लोगों को मुफ्त उपलब्ध कराए। वहीं, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रवाद को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बीच, कांग्रेस ने खादी और पालिस्टर के तिरंगे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज निर्माण में पालिस्टर की छूट देना गांधीजी के खादी विचार दर्शन पर गहरा आघात है। केंद्र सरकार गांधी की मूल भावना की हत्या कर रही है। स्वदेशी का पाठ पढ़ने का दावा करने वाली भाजपा की केंद्र सरकार तिरंगा झंडा भी चीन से आयात कर रही है। स्वदेश निर्मित झंडा पर भाजपा को भरोसा नहीं रहा।