छत्तीसगढ़ः नौकरी के नाम पर ठगने वाला JCCJ नेता गिरफ्तार, PWD में सिविल इंजीनियर पद पर दिया था भर्ती का झांसा, 17 लाख रुपए हड़पे 

पुलिस गिरफ्त में आरोपी। - Dainik Bhaskar

कवर्धा। कवर्धा (कबीरधाम) में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगने वाले शातिर JCCJ (छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस-जे) के एक नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शातिर ठग ने PWD में इंजीनियर पद पर नौकरी का झांसा देकर 17 लाख रुपए लिए थे। काफी समय बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो लोगों ने रुपए वापस मांगे। पहले तो वह टाल-मटोल करता रहा, फिर करीब 7 साल से फरार था। मामला कुंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मामला साल 2015 का है।‎ लोक निर्माण विभाग (PWD)‎ में सिविल इंजीनियर की‎ वेकैंसी निकली थी। इस दौरान मुंगेली के कोसमतरा गांव निवासी जलेश्वर टंडन से आवेदन करने वाले कुछ युवाओं का संपर्क हुआ। आरोप है कि जलेश्वर ने युवाओं को नौकरी लगवाने का झांसा दिया। बदले में उनसे करीब 17 लाख रुपए ले लिए। भर्ती के जब परिणाम आए तो युवाओं का चयन नहीं हुआ।

5 लाख रुपए लौटाए, 12 लाख हड़प गया

युवकों ने जलेश्वर से संपर्क किया और रुपए लौटाने को कहा। जलेश्वर टाल-मटोल करता रहा, लेकिन जब दबाव ज्यादा बना तो आरोपी ने 5 लाख रुपए लौटा दिए। हालांकि तमाम कोशिश के बावजूद 12 लाख रुपए वापस नहीं किए। इस पर युवाओं ने थाने में धोखाधड़ी की FIR दर्ज करा दी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी जलेश्वर फरार हो गया था। इस बीच मंगलवार को उसके गांव आने की सूचना मिली तो पुलिस ने धर दबोचा।

बड़े नेताओं तक पहुंच‎
पूछताछ में पता चला कि आरोपी‎ जलेश्वर टंडन JCCJ से जुड़ा है। वह पार्टी के‎ प्रमुख पद पर है। इसी का फायदा‎ उठाते हुए पार्टी के बड़े नेताओं से‎ जान- पहचान बताकर युवाओं को‎ नौकरी लगाने का झांसा दिया। जिन‎ बड़े नेता तक वह अपनी पहुंच बता‎ रहा था, अब वह नहीं हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।