बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक, 450 से 500 यात्री हैं सवार, बीएलए ने ली हमले की जिम्मेदारी; आपातकाल लागू

Firing on Jafar Express in Balochistan, 500 passengers boarded nine coache, BLA took responsibility for attack

बलूचिस्तान। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में मंगलवार को ट्रेन हाईजैक कर ली गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान के माच क्षेत्र में हथियारबंद लोगों ने बोलन जिले के पास क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला कर दिया। हमले में कई ट्रेन के चालक समेत कई यात्री घायल हो गए हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। रेलवे के मुताबिक नौ कोच वाली ट्रेन में 500 यात्री सवार हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद बलूचिस्तान सरकार ने आपातकाल लागू कर दिया है।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक रेलवे नियंत्रक मुहम्मद काशिफ ने कहा कि क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को छह हथियारबंद लोगों ने पेहरो कुनरी और गदलार के बीच सुरंग नंबर आठ के पास रोक लिया। डॉन न्यूज के मुताबिक नौ कोच वाली इस ट्रेन में 450 से 500 यात्री सवार हैं। ट्रेन के हाईजैक की सूचना मिलने पर बलूचिस्तान सरकार ने आपातकाल लागू कर दिया है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सिबी अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है। जबकि एंबुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। रिंद ने कहा कि रेलवे ने भी बचाव कार्य शुरू कर दिया है। रिंद ने कहा कि पहाड़ी इलाका होने के कारण अधिकारियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर छह हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हमले में कई यात्री घायल हो गए। ट्रेन के चालक को गंभीर चोटें आई हैं। बचाव दल और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

पिछले साल अक्तूबर में पाकिस्तान रेलवे ने डेढ़ महीने से अधिक समय के निलंबन के बाद क्वेटा और पेशावर के बीच रेल सेवाएं बहाल करने की घोषणा की थी। बलूचिस्तान में पिछले साल आतंकी हमलों में वृद्धि देखी गई है। नवंबर 2024 में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर एक आत्मघाती विस्फोट के बाद कम से कम 26 लोग मारे गए और 62 घायल हो गए।