छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, कई घायल, रुक-रुक कर फायरिंग जारी; मुखबिरी के शक में 2 की हत्या

सुकमा जिले के बुर्कलंका इलाके में DRG जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मौके से हथियार और शव बरामद कर लिया गया है। एसपी किरण चौहान के मुताबिक मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली लगी है। सुबह से ही रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है।

वहीं सुकमा में ही एक नक्सली दंपती समेत 6 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। बताया जा रहा है कि सरेंडर्ड नक्सली दंपती पर 10 लाख और दो नक्सलियों पर पांच-पांच लाख का इनाम था। दो पुरुष नक्सलियों पर दो-दो लाख का इनाम घोषित था। सभी ने SP के सामने हथियार डाले हैं। सभी कई बड़ी नक्सल घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।

पुलिस मुखबिरी के शक में 2 ग्रामीणों की हत्या

दूसरी ओर सुकमा में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में 2 ग्रामीणों की हत्या कर दी है। एक की धारदार हथियार से गला रेत कर उसके शव को गांव के पास फेंक दिया। जबकि दूसरे ग्रामीण को फांसी से लटका दिया। मामला कोंटा और किस्टाराम थाना क्षेत्र का है। SP किरण चव्हाण का कहना है कि खबर मिली है कि नक्सलियों ने एक ग्रामीण की हत्या की है। दूसरे ग्रामीण का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। आशंका है कि उसने सुसाइड किया है।