आज हो सकती है कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा, रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए आकाश शर्मा का नाम लगभग तय

रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के नाम की घोषणा आज (मंगलवार) हो सकती है। सोमवार को झारखंड और महाराष्ट्र की सूची को लेकर मंथन चल रहा था। इसलिए छत्तीसगढ़ के लिए घोषणा अटक गई। आकाश शर्मा और प्रमोद दुबे के बीच ही फैसला होना है।

लेकिन आकाश शर्मा का नाम फिलहाल तय माना जा रहा है। आकाश को दक्षिण के मामले में कई समीकरणों में फिट माना गया है। वहीं, प्रमोद दुबे के पास कई पुराने चुनावों का अनुभव है।

सोमवार को एक ओर जहां आकाश के घर में बड़ी संख्या में समर्थक सुबह से ही नाम के ऐलान का इंतजार कर रहे थे। वहीं, दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी उनके लिए बधाई पोस्ट नजर आने लगे थे। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नाम घोषित होने से पहले ही बधाई दे दी।

दिल्ली में सोमवार AICC की बैठक हुई, जिसमें झारखंड और महाराष्ट्र की सूची को लेकर मंथन हुआ। आज भी झारखंड और महाराष्ट्र की सूची को अंतिम रूप देने में दिनभर पार्टी आलाकमान व्यस्त है।