छत्तीसगढ़: झारखंड के ‘बुकिंग सोनी’ गिरोह ने लूटा था आठ किलो सोना और कैश, 7 गिरफ्तार; थोड़ी देर में एसपी करेंगे खुलासा

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 5 करोड़ के सोने के जेवरात और 7 लाख कैश लूटने के मामले में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। झारखंड के इनामी ‘बुकिंग सोनी’ गिरोह ने लूट का माल ज्वेलरी कारोबारी को बेचा था। उसे भी पकड़ा गया है। पुलिस ने सोना और कैश बरामद किया है। एसपी मामले का खुलासा थोड़ी देर में करेंगे।

दरअसल, 11 सितंबर को रामानुजगंज नगर पालिका चौक पर संचालित राजेश ज्वेलर्स में दोपहर 1.50 बजे 3 हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लूट की थी। 3 युवकों में से दो पिस्टल और एक युवक कट्टे से लैस था। उन्होंने संचालक राजेश सोनी (भाजपा पार्षद), दुकान के दो ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बनाया था।

इसके बाद आरोपी करीब 15 मिनट में 8 किलो सोना और 7 लाख कैश लेकर भाग गए थे। लुटेरों ने राजेश सोनी पर हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया था। उन्हें ऑटोमैटिक लॉकर में बंद करने की कोशिश भी की थी। फिर लुटेरे दो बाइक से झारखंड भाग गए थे। दूसरे दिन लूट में इस्तेमाल एक बाइक और मोबाइल झारखंड के रंकाकला में मिला था।

इनामी बदमाश थे लूट में शामिल

घटना के बाद सीसीटीवी की जांच में दो इनामी बदमाशों की पहचान की गई थी। इनमें झारखंड के पलामू निवासी मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकिया और औरंगाबाद के महावीरगंज अम्बा निवासी राहुल कुमार मेहता शामिल है। पुलिस ने 8 टीम बनाकर झारखंड के गढ़वा, औरंगाबाद, रांची, डालटनगंज में दबिश दी। इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पोस्टर भी चस्पा किया था।

लूट के बाद बाइक से भाग निकले थे युवक। - Dainik Bhaskar

लूट के बाद बाइक से भाग निकले थे युवक।

बदमाश और सोना खरीदने वाला भी धराया

पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्य और सोना खरीदने वाले कारोबारी संतोष सोनी को पकड़ा है। इसमें एक इनामी राहुल मेहता भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि, औरंगाबाद निवासी राहुल ने शराब के साथ खुद की गिरफ्तारी करवाई और औरंगाबाद जेल चला गया था।

पुलिस ने आरोपियों को दिल्ली के पहाड़गंज, चंडीगढ़ और गोवा से गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट का अधिकांश सोना बरामद किया गया है। मामले में एक आरोपी अब तक फरार है। वहीं, पीड़ित व्यापारी ने 5 किलो सोने की लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

कई वारदातों में रहे शामिल, 50 हजार का इनाम

आरोपी मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकिया और उसके भाई मोनू सोनी पर रांची पुलिस ने भी 50-50 हजार का इनाम रखा है। यह गिरोह ज्वेलरी दुकानों को ही निशाना बनाता था। बुकिंग सोनी के खिलाफ पहले भी गुमला में डकैती, झारखंड के सोनानी, रांची और पलामू में लूट के दो केस और चैनपुर थाना क्षेत्र में लूट के केस दर्ज हैं।