छत्तीसगढ़: सरगुजा संभाग के कई जिलों में अगले 4 दिन होगी बरसात, प्रदेश के बाकी जगहों पर कल तक बारिश पर ब्रेक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के कई जिलों में अगले 4 दिनों तक बारिश हो सकती है। वहीं आज बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां एक दो जगहों पर भारी वर्षा की संभावना है।

प्रदेश के बाकी जिलों में अच्छी बारिश के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल 22 अगस्त यानी कल तक यहां बारिश पर ब्रेक लगा रहेगा।

प्रदेश में अब तक 850.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 4% अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक 818.7 मिलीमीटर बारिश होनी थी। 6 जिलों में औसत से अधिक बरसात हुई है।

 रायपुर में ऐसा रहा मौसम 

रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। आज यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार शाम को कुछ इलाकों में बारिश हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक यहां दो-तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। 24 अगस्त से नया सिस्टम बन रहा है, जिससे यहां बारिश के आसार हैं।रायपुर में आज दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का पारा 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

ऐसा रहा तापमान

मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री राजनांदगांव में रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। रायपुर में 33.3 डिग्री टेंपरेचर रहा जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

बिलासपुर में दिन का पारा 32.6 डिग्री रहा जो औसत से 1.4 डिग्री अधिक है। अंबिकापुर में 32.2 डिग्री टेंपरेचर रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं जगदलपुर में 30.5 डिग्री टेंपरेचर रहा जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है। दुर्ग में 33.4 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 2.8 डिग्री अधिक है।