जम्मू कश्मीर में तीन चरण, हरियाणा में एक चरण में चुनाव, चार अक्तूबर को नतीजे 

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के लिए विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों और हरियाणा में एक चरण में चुनाव होगा। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव की बारी है। 

जम्मू एवं कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर, 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान एक अक्टूबर को होगा। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे। जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव के बारे में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। इनमें 74 सीटें सामान्य, अनुसूचित जाति के लिए 7 और अनुसूचित जनजाति के लिए 9 सीटें हैं। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 87.09 है। इनमें 44.46 लाख पुरुष मतदाता और 42.62 लाख महिला मतदाता हैं। पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख हैं। युवा वोटरों की संख्या 20.7 लाख है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को समाप्त हो रही है और अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन 20 अगस्त को होगा।

कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई-सीईसी

सीईसी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव के दौरान पुनर्मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई। गड़बड़ी रोकने के लिए जम्मू-कश्मीर में 100 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती भी हुई थी। जम्मू-कश्मीर में 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं। यहां 87.09 लाख मतदाता हैं। 44.46 लाख पुरुष और 42.63 लाख महिला मतदाता होंगी। यहां पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 3.71 लाख होगी। साथ ही कुल 20 लाख से ज्यादा युवा मतदाता होंगे।