दिल्ली में पारा 52 डिग्री के पार, राजधानी का मुंगेशपुर इलाका रहा सबसे गर्म

नई दिल्ली। दिल्ली में इन दिनों गर्मी रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। बुधवार को राजधानी का मुंगेशपुर इलाका सबसे गर्म रहा। यहां 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। जबकि मंगलवार यानी कल मुंगेशपुर में 49.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने पहले ही बुधवार (29 मई) को भी गर्मी व लू का रेड अलर्ट जारी किया था।

आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मुंगेशपुर मौसम केंद्र में उच्चतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को नजफगढ़ में 48.6 डिग्री सेल्सियस, जफरपुर में 48 डिग्री, पूसा में 48.3 डिग्री, नरेसा में 47.9 डिग्री और पीतमपुरा में 48.3 डिग्री सेल्सियस तामपान रहा।