छत्तीसगढ़: आज आएगी महतारी वंदन योजना की तीसरी किस्त, दोपहर 12 बजे 70 लाख महिलाओं के खाते में ट्रांसफर होंगे 655 करोड़ रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की तीसरी किस्त आज जारी की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी लिए पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश की 70 लाख 12 हजार से ज्यादा महिलाओं के खाते में करीब 655 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।

लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगी होने के कारण इस बार कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं रखा गया है। दोपहर 12 बजे से महिलाओं के खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की थी कि इस बार महतारी वंदन योजना के पैसे तय समय पर ही आएंगे। राशि का भुगतान हर महीने के पहले सप्ताह में ही किया जाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को एक-एक हजार रुपए मिलते हैं।

प्रदेश में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 10 मार्च से हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की शुरुआत की थी। इसके बाद 2 और 3 अप्रैल को योजना की दूसरी किस्त जारी की गई। महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपए मिलेंगे।