छत्तीसगढ़: यूबीजीएल सेल की चपेट में आए जवान देवेंद्र सेठिया का बलिदान, एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी पार्टी

Sacrifice of soldier Devendra Sethia who came under the grip of UBGL cell in Bijapur

बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र के गलगम इलाके में एरिया डॉमिनेशन पर निकली सीआरपीएफ की टीम में तैनात जवान देवेंद्र कुमार सेठिया यूबीजीएल सेल ब्लास्ट होने से जख्मी हो गए थे। घटना के बाद उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान देवेंद्र कुमार सेठिया बलिदान हो गए। 

पुलिस के मुताबिक गलगम पोलिंग बूथ से 500 मीटर की दूरी पर एरिया डॉमिनेशन पर पार्टी निकली थी। तभी जवान देवेंद्र कुमार सेठिया चपेट में आ गए थे। 

  
घटना पर सीएम साय ने जताया दुख

वहीं घटना पर सीएम साय ने दुख जताया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि बस्तर लोकसभा में जारी मतदान के बीच बीजापुर में UBGL ब्लास्ट होने से मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगे एक जवान के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवान के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।


आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल

वहीं मतदान के बीच दूसरी घटना बीजापुर जिले के ही भैरमगढ़ ब्लॉक के चिह्का में हुई जहां आईईडी ब्लास्ट में एक जवान के घायल होने की जानकारी मिल रही है। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के अतिसंवेदनशील ग्राम चिह्का में एरिया डॉमिनेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट होने से सीआरपीएफ के सहायक सेनानी मनु एचसी घायल हो गए हैं। उन्हें बायें हाथ और बायें पैर में चोट आई है। यह घटना चिह्का पोलिंग बूथ के आसपास के दायरे में एरिया डॉमिनेशन के दौरान हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ईवाक्यूएट किया जा रहा है।