छत्तीसगढ़: राजनाथ सिंह बोले-‘जिस तरह धरती से डायनासोर गायब हो गए, उसी तरह गायब हो जाएगी कांग्रेस’

दंतेवाड़ा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा छत्तीसगढ़ श्रीराम की तपोभूमि रही है। यहां के आदिवासी वोट बैंक नहीं बल्कि देश के गौरव हैं। कांग्रेस ने पांच सालों तक यहां सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। यहां लोगों का कोई भाग्य बादल सकता है तो सिर्फ भाजपा है। राजनाथ सिंह ने ये बातें दंतेवाड़ा के गीदम में सभा के दौरान कही।

राजनाथ सिंह ने कहा, छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में आप लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की झोली को भर दिया है इसलिए आप सबका धन्यवाद करने आया हूं। भारत को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में हमारे छत्तीसगढ़ का बहुत बड़ा योगदान होगा।

राजनाथ सिंह ने कहा, मेरा छत्तीसगढ़ के साथ बहुत अटूट रिश्ता है। छत्तीसगढ़ जब राज्य बना था तब पहली विधानसभा का चुनाव हुआ था तो उस समय पार्टी की तरफ से, केंद्र की तरफ से प्रभारी बन के यहां आया था। तब लोग कहते थे कि भाजपा की सरकार नहीं बनेगी लेकिन हालत बदलते चले गए। जनता ने यह समझना प्रारंभ कर दिया कि अगर छत्तीसगढ़ का भाग्य कोई बदल सकता है तो वह भाजपा ही बदल सकती है।

उन्‍होंने कहा, कांग्रेस पार्टी इतने सालों तक हुकूमत में रही है। लंबे समय तक इन लोगों ने भारत को लूटा है और लंबे समय तक सरकार चलाई है। जब-जब कांग्रेस की सरकार यहां आई है, तब भ्रष्टाचार तेजी के साथ बढ़ा है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, इस चुनाव के बाद छत्‍तीसगढ़ से कांग्रेस भी निपट जाएगी। जिस तरह से धरती से डायनासोर लुप्‍त हो गए, उसी तरह कांग्रेस भी गायब हो जाएगी।

इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शनिवार को छत्‍तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ का जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में भाजपा पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। राजनाथ सिंह बस्‍तर के बाद कांकेर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।