छत्तीसगढ़: सरसों का तेल झोले में लेकर घूम रहे लखमा, बोले- ‘मोदी ने रेट बढ़ा दिया, उसको लोग डंडा दिखाएंगे…ठांय-ठांय’

जगदलपुर।बस्तर में कवासी लखमा कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। यहां कवासी लखमा का स्टार प्रचारक सरसों का तेल बना हुआ है। वे एक झोले में सरसों का तेल रखते हैं और जहां भी जाते हैं, सभा के पहले झोले से सरसों का तेल निकालते हैं और पब्लिक से कहते हैं, जानते हैं ये क्या है। ये सरसों का तेल है।

वे कहते हैं- “हम लोग थे, तो 30 रुपए में मिलता था, मोदी ने भारतीय जनता पार्टी ने इसको महंगा कर दिया। ये बातें वे ठेठ बस्तर की स्थानीय बोली में कहते हैं।” उनका अंदाज ऐसा रहता है कि लोगों को हंसी आती है। लोग कनेक्ट हो जाते हैं।

छत्तीसगढ़ में सबसे पहले चरण में 19 अप्रैल को एकमात्र सीट बस्तर में वोटिंग होनी है। कांग्रेस ने यहां से कोंटा के मौजूदा विधायक और पिछली सरकार आबकारी मंत्री रहे कवासी लखमा को लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। कभी स्कूल नहीं गए लखमा, सियासी पाठशाला के मास्टर माने जाते हैं। बस्तर के गांवों में अपने मसखरे अंदाज में वोटर को लुभा रहे हैं।

वे कुछ ऐसे बयान भी दे रहे हैं, जिससे विवादों में घिर जाते हैं। रोचक अंदाज में मोदी पर भी टिप्पणी कर देते हैं। लोग उनकी टिप्पणी सुनने के लिए आतुर दिखते हैं। एक वक्त जैसे भारतीय राजनीति में लालू प्रसाद यादव की टिप्पणी लोगों को गुदगुदाती थी, वैसे ही छत्तीसगढ़ में कवासी लखमा की टिप्पणियां प्रसिद्ध रही हैं।

प्रचार करते हुए कवासी लखमा हाल ही में बीजापुर पहुंचे। यहां के कुटरू गांव में बड़े से आम के पेड़ के नीचे सियासी सभा लगी। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों की भीड़ को यहां पहले ही जमा कर दिया था। इस जगह पर कवासी लखमा आदिवासी ढोल बजाते हुए लोगों से मिलते मुस्कुराते हुए पहुंचे। कांग्रेस के बिजापुर विधायक विक्रम मंडावी और रामकुमार यादव साथ थे।

कवासी की इस सभा का सेटअप जमाया गया एक पेड़ के नीचे। एक कुर्सी पर कवासी जो झोला साथ लेकर आए थे, उसका सामान निकाला गया। कवासी चुनाव प्रचार में अपने साथ सरसों का तेल, एक पाव दाल, आलू-प्याज और पेट्रोल की बोतल लेकर चल रहे हैं। ये उनके स्टार प्रचारक हैं।

सभा की शुरुआत में गांव वालों को ये चीजें दिखाकर लखमा अपने अंदाज में और स्थानीय बोली में कहते हैं-

“ये खाने का तेल 30 रुपिया में मिलता था, भारतीय जनता पार्टी ने इचको महंगा किया..। दाल, आलू, पियाज, पेट्रोल सब में GST लगाके महंगा किया… इसको हटाना है तो राहुल गांधी का कवासी लखमा का सरकार लाना है…। मोदी झूठ बोलने में नंबर वन हैं… मैं उनकी बराबरी नहीं कर सकता। लेकिन इस समय मोदी का जादू नहीं चलेगा।इस समय यहां के लोग उन्हें डंडा दिखाएंगे डंडा… ठांय-ठांय।

इस अंदाज से लोग आसानी से कवासी की बात समझते हैं और कनेक्ट होते हैं, तो झोले में रखी सरसों के तेल की बोतल, आटा,आलू-प्याज लखमा के लिए किसी स्टार प्रचारक से कम नहीं हैं।