कोरबा: किचन में फ्रिज के नीचे बैठा था कोबरा, पानी पीने गया युवक तब पड़ी नजर, रात 2 बजे किया गया रेस्क्यू; दशहत में थे परिवार वाले

कोरबा। कोरबा जिले में एक खतरनाक कोबरा सांप किचन में फ्रिज के नीचे बैठा था। उस दौरान युवक पानी पीने के लिए गया था। उसने फ्रिज से पानी निकालकर पी भी लिया, तभी उसकी नजर पड़ी। जिसके बाद युवक डर गया। कोबरा को इस अवस्था में देख युवक वहां से भाग निकला। बाद में इस खतरनाक कोबरा का रेस्क्यू किया गया है। जिसका वीडियो भी सामने आया है।

यह पूरा मामला सर्वमंगला इलाके के चंद्र नगर गांव का है। यहां पर हिमांशु पटेल का परिवार रहता है। रोज की तरह घर के लोग रविवार रात को भी खाना खाकर सो गए थे। इस बीच देर रात को हिमांशु सोकर उठा था। सोकर उठने के बाद वो किचन में घुसा।

युवक को देखने के बाद कोबरा किचन में बने स्लैब के नीचे जाकर बैठ गया। - Dainik Bhaskar

युवक को देखने के बाद कोबरा किचन में बने स्लैब के नीचे जाकर बैठ गया।

इसके बाद उसने फ्रिज खोला। उस वक्त वह आधी नींद में था। युवक ने कोबरा के पीछे का हिस्सा देखा था, उसे लगा कि ये छिपकली होगी। मगर जब उसने ठीक से देखा तो वहां नाग था। उसे देखकर वह हैरान रह गया। नाग भी वहां से निकलकर सामने की तरफ जाकर स्लैब के नीचे बैठ गया।

स्नेक रेस्क्यू टीम ने किया रेस्क्यू। - Dainik Bhaskar

स्नेक रेस्क्यू टीम ने किया रेस्क्यू।

हिमांशु ने तुरंत इस बात की जानकारी स्नेक रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। फिर देर रात 2 बजे ही नाग का रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू करते वक्त भी नाग काफी गुस्से में था। वह बार बार फुफकार रहा था। मगर उसका रेस्क्यू कर लिया गया है। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया है।

वहीं, नाग को देखकर हिमांशु काफी डरा हुआ था। वह कह रहा था कि मैं मौत के मुंह से निकलकर आया हूं। अब मैं किचन में ही नहीं जाऊंगा। वह बार-बार कह रहा था कि नाग की आवाज सुनकर अब तक हाथ पैर कांप रहे हैं। घरवालों ने उसे काफी समझाया, तब जाकर वह शांत हुआ।