छत्तीसगढ़: प्रदेश में ठंडा हुआ मौसम, आठ डिग्री तक गिरा तापमान; आगामी 24 घंटों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका

रायपुर।प्रदेश में राजधानी समेत कई जिलों में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। हल्की बारिश हो रही हैं और ठंडी हवाएं भी चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवा के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।

इससे ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीते कुछ दिनों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री गिर गया है और मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट और देखने को मिलेगी।

प्रदेश में महीने भर के दौरान मौसम में अलग-अलग बदलाव देखने को मिला। अप्रैल महीने के ज्यादातर दिनों में लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गयी। प्रदेश का तापमान अब सामान्य से 8 डिग्री तक कम हो गया है।इस बदलते मौसम से लोग राहत महसूस कर रहे हैं और हालांकि, जहाँ-जहाँ अंधड़ या वज्रपात का खतरा है, वहां लोगों को सतर्क रहने कहा जा रहा है।

40 से 50 किलोमीटर की स्पीड से चलेंगी हवाएं, कांकेर और कबीरधाम जिले में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि आज प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। उन्होने बताया कि प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से निम्न स्तर पर नमी युक्त हवा रही है, साथ ही अरब सागर से भी ऊपरी स्तर में नमी आने का सिलसिला जारी है। जिसके कारण प्रदेश में आज अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और बिजली गिरने की आशंका है। कांकेर जिले और कबीरधाम जिले के आसपास के जिलों में संभव है कि ओलावृष्टि हो।

मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया अलर्ट

इन जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट

प्रदेश के धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर इनसे लगे अन्य जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने कहा गया है। यहां अंधड़ के अलावा ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा 1 मई के लिए पूरे प्रदेशभर में अंधड़, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।