बिलासपुर: भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत, टाटा मैजिक को ट्रेलर ने पीछे से मारी टक्कर; पांच अन्य की हालत गंभीर

हादसे में  दो महिला की मौत हो गई है। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर। बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई, वहीं पांच अन्य की हालत गंभीर है। बताते हैं कि सड़क किनारे खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी सवारी उतार रही थी। उसी समय तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी सड़क से 25 फीट दूर खेत में जा गिरी। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

हादसे में हैदराबाद में रहने वाली महिला लक्ष्मीकांता की मौत हो गई।

हादसे में हैदराबाद में रहने वाली महिला लक्ष्मीकांता की भी मौत हो गई

जानकारी के अनुसार बुधवार को यात्रियों को लेकर रतनपुर जा रहा मैजिक वाहन मदनपुर के पास सवारी उतारने के लिए नेशनल हाईवे पर रुका था। उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने मैजिक वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर से वाहन उछला और रोड से नीचे खेत पर जा गिरा। इसमें सवार यात्री भी उसके साथ खेत पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

ट्रेलर की ठोकर से 25 फीट दूर खेत में गिरी टाटा मैजिक।

ट्रेलर की ठोकर से 25 फीट दूर खेत में गिरी टाटा मैजिक

बताया जा रहा है कि राजकिशोर नगर निवासी पुष्पा (68) अपने पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मीकांता सहित अन्य के साथ रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर देवी दर्शन करने के लिए जा रही थी। ये लोग मैजिक वाहन में सवार थे। मदनपुर में जब सवारी उतारने के लिए गाड़ी खड़ी हुई, तब उसमें नौ लोग सवार थे। इस हादसे में पुष्पा और लक्ष्मी समेत नौ लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद घायलों को रतनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया। हादसे में घायल दो महिलाओं की मौत हो गई, जिनमें मदनपुर निवासी सावित्रीबाई पति रूपराम कलीब (60 )और सरकंडा निवासी लक्ष्मीकांता सांगा (60) शामिल हैं। वहीं पुष्पा सहित पांच अन्य की हालत गंभीर हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को सिम्स रेफर किया गया है।

हैदाराबाद से मायके आई थीं, महामाया देवी दर्शन करने जा रही थी रतनपुर

हादसे में जान गंवा चुकीं लक्ष्मीकांता सांगा का हैदराबाद में ससुराल है। वह हैदराबाद में परिवार के साथ रहती थीं। कुछ दिन पहले वह अपने मायके आई थीं। बुधवार को वह रिश्तेदारों के साथ महामाया देवी दर्शन करने के लिए रतनपुर जा रही थीं। तभी रास्ते में हादसा हो गया और उनकी जान चली गई।