छत्तीसगढ़ः ‘चार सालों में एक भी आदिवासी नहीं बना ईसाई’, मंत्री कवासी लखमा बोले- भाजपा कार्यकाल में सबसे ज्यादा हुए धर्मांतरण

कोंडागांव। आबकारी मंत्री कवासी लखमा बस्तर में धर्मांतरण के मुद्दे पर भाजपा नेताओं पर जमकर बरसे हैं। कोंडागांव जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सरकार के इन 4 सालों के कार्यकाल में एक भी आदिवासी ईसाई नहीं बना है। ये बीज भाजपा के कार्यकाल में बोया हुआ है। 15 सालों तक प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। तब पूरे छत्तीसगढ़ में जमकर धर्मांतरण हुआ है। उन्होंने पूर्व मंत्री और भाजपा के नेता केदार कश्यप पर भी कई आरोप लगाए हैं।

मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि, बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास एक भी सीट नहीं है। लोकसभा सीट भी इनकी नहीं है। इसलिए अब ये भाजपा के नेता आदमी से आदमी को लड़वा रहे हैं। आदिवासियों के भाई-भाई को लड़वा रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेता केदार कश्यप पर आरोप लगाते कहा कि, जब उनकी सरकार थी और केदार कश्यप भाजपा सरकार के समय मंत्री थे, तो उस समय धर्मांतरण सबसे अधिक हुआ है।

कवासी लखमा ने नारायणपुर की घटना का जिक्र करते कहा कि, पुलिस जवानों को आदिवासियों को मारने का अधिकार किसने दिया है? ऐसा कृत्य करना सही नहीं है। ऐसा करने वाले नाथूराम गोडसे को मानने वाले लोग हैं। कवासी लखमा ने कहा कि, भाजपा शासनकाल में चर्च बने हैं। हम तो देवगुड़ी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि, बस्तर में शांति से रहना है। कानून को हाथ में नहीं लेना है।

देवगुड़ी के उद्घाटन में शामिल होने पहुंचे थे मंत्री

आबकारी मंत्री कवासी लखमा कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक के खुटपदर में माता देवगुड़ी उद्घाटन में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक संतराम नेताम भी मौजूद थे। कवासी लखमा ने लोगों से कहा कि, हमें अपनी संस्कृति से जुड़ा रहना चाहिए। देवगुड़ी और मातागुड़ी में जाकर पूजा-अर्चना करनी चाहिए। मंत्री ने इस कार्यक्रम में मौजूद लोगों की समस्याएं भी सुनी। जिसका समाधान करने आश्वासन दिया है।