छत्‍तीसगढ़ः प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, इन आठ जिलों में शीतलहर का अलर्ट

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में आ रही ठंडी व शुष्क हवाओं के चलते अब मौसम का मिजाज बदल गया है और पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। बहुत से क्षेत्रों में घना कोहरा छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट है। मौसम विभाग का कहना है कि अब न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं है। कोरिया, सरगुजा, पेंड्रा रोड,सूरजपुर, कवर्धा सहित आठ जिलों में शीतलहर चल सकती है।

दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे

ठंडी हवाओं के चलते सोमवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में ठिठुरन बनी रही। अब सुबह-सुबह व रात के साथ ही दोपहर के वक्त भी लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी कुछ दिन प्रदेश में मौसम का रुख ऐसा ही रहेगा। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। इसके साथ ही दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दुर्ग का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आ रही हैं, इन हवाओं की गति अभी कम है। इसके चलते ठंडकता में थोड़ी बदलाव आ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह कोहरा भी छाया रह सकता है।

प्रदेशभर में कबीरधान सबसे ठंडा

सोमवार को प्रदेश भर में कबीरधाम सबसे ठंडा रहा। एडब्ल्यूएस कबीरधाम में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही बिलासपुर, अंबिकापुर, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे रहा। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे है।