छत्तीसगढ़: सर्दी का सितम जारी, पेंड्रा में जमी ओस की बूंदें, कोहरा छंटा, लेकिन ठंड से राहत नहीं; कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी

पेंड्रा में जमी ओस की बूंदें, कोहरा छंटा, लेकिन ठंड से राहत नहीं; कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी|पेंड्रा,Pendra - Dainik Bhaskar

रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में सर्दी का सितम जारी है। यहां शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि अमरकंटक में आज पेंड्रा की तुलना में एक डिग्री ज्यादा यानि 7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हालांकि शनिवार की तरह ही रविवार को भी मौसम सुबह से साफ है। कोहरा भी दिन के 10 बजते-बजते छंट गया है।

कड़ाके की ठंड के साथ ही मौसम विभाग ने शीतलहर की चेतावनी भी दी है। मौसम विभाग ने सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी है। प्रशासन को भेजी सूचना के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, दुर्ग और उससे लगे जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। सामान्य तौर पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस होने या सामान्य से 6.5 डिग्री कम होने पर मौसम विभाग शीतलहर की घोषणा करता है।

पेंड्रा में अधिकतम तापमान 24 डिग्री है। ठंड को देखते हुए स्थानीय निकायों के द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही जंगल के भीतर गांवों में रहने वाले छोटे-छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए समाजसेवी भी सामने आए हैं। अचानकमार टाइगर रिजर्व के लमनी और केंवची के बैगापारा में लोगों ने सैकड़ों बच्चों को स्वेटर और गर्म कपड़े बांटे और स्कूली बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

सरगुजा के मैनपाट में एक अधेड़ की ठंड की वजह से मौत हो गई है। वहीं से एक दूसरे व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया है। उसकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि दोनों शराब पीकर रात खुले में ही सो गए थे। शनिवार की सुबह दो लोग मैनपाट में दो दुकानों के बाहर जमीन पर सोए हुए मिले। ग्रामीणों की सूचना पर कमलेश्वर थाने की पुलिस वहां पहुंची तो उनमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। दूसरे व्यक्ति की हालत भी खराब थी। उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अलाव तापते हुए लोग। - Dainik Bhaskar

प्रदेश में ठंड के ऐसे हैं हालात

शनिवार को कोरिया प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जशपुर में यह 4 डिग्री और सरगुजा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बिलासपुर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं रायपुर संभाग में बलौदा बाजार का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। रायपुर में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़ककर थम गया। दुर्ग में कबीरधाम जिला सबसे ठंडा है। राजनांदगांव में 10.6 और दुर्ग में 8.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। बस्तर संभाग में 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कांकेर सबसे ठंडा है। नारायणपुर में 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है।