छत्तीसगढ़ः नए साल के पहले दिन कम रहेगी ठंड, तीन जनवरी के बाद होगी बढ़ोतरी

रायपुर।नववर्ष 2023 का आगाज हो गया है और साल का पहला दिन थोड़ा कम ठंडा रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि हालांकि अगले दो से तीन दिनों में ठंड में फिर से बढ़ोतरी होगी। तीन जनवरी के बाद फिर से ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

विभाग का कहना है कि नए साल का पहला दिन आकाश साफ रहेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। दूसरी ओर साल के आखिरी दिन शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा डूमरबहार रहा। कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दो दिन से बढ़ी ठंड के बाद शनिवार को एक बार फिर से ठंड में थोड़ी कमी आई। सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री और अंबिकापुर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

ठंडा पड़ा गर्म कपड़ों का बाजार

पूरे दिसंबर महीने ज्यादा ठंड नहीं पड़ी। इसके चलते गर्म कपड़ों का बाजार भी ठंडा पड़ गया है। पिछले वर्ष से तुलना की जाए तो दिसंबर में गर्म कपड़ों के कारोबार में 50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। कारोबारियों का कहना है कि ठंड बढ़ने पर कारोबार की रफ्तार भी थोड़ी सुधरेगी। अभी तो कारोबार ठप पड़ा हुआ है।