छत्तीसगढ़ः प्रदेश में पांच डिग्री तक गिरा पारा, मौसम खुलने से हुई ठंड में बढ़ोतरी

रायपुर। मौसम साफ होते ही गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश भर में गुरुवार को जशपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री पहुंच गया। रायपुर सहित प्रदेश भर में गुरुवार सुबह से ही आकाश साफ रहा। मौसम खुलने के कारण ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। इससे आउटर क्षेत्रों के साथ ही शहर के भीतर भी ठिठुरन और बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बुधवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक की गिरावट हुई। विभाग का कहना है कि शुक्रवार को बस्तर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। बाकी क्षेत्रों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इस वर्ष दिसंबर की तुलना में नवंबर में ठंड ज्यादा पड़ी है।

ठंडा रहा गर्म कपड़ा बाजार

ठंड कम होने के कारण पूरे दिसंबर गर्म कपड़ों का बाजार ठंडा रहा। वहीं नवंबर की तुलना में भी कारोबार 60 प्रतिशत तक गिर गया। कारोबारियों का कहना है कि अब ठंड बड़ने पर ही कारोबार की रफ्तार भी बढ़ेगी।

गुरुवार को मुख्य शहरों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में) 

रायपुर 14.2

बिलासपुर 11.6

कबीरधाम 7.3

कोरिया 7.4

कोरबा 10.4

पारा गिरा तो बढ़ने लगी ठंड

पिछले दिनों प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। गुरुवार को मौसम खुलते ही पारा भी गिरा और ठंड में भी बढ़ोतरी हुई। सुबह के साथ ही देर शाम व रात में भी ठिठुरन का अहसास बढ़ गया। आउटर क्षेत्रों में तो ठंड ज्यादा ही रही। रात में तो कुछ क्षेत्रों में लोगों को अलाव भी तापते रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख ऐसा ही रहेगा। अब ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी रहेगी। नए साल के पहले सप्ताह में तो ठंड और बढ़ने की संभावना है।