छत्तीसगढ़ः ‘साहब मुझे पड़ोसी के चूहों से बचा लो’, थाने पहुंचा बुजुर्ग; बोला-इन्होंने मेरा घर बर्बाद कर दिया; पड़ोसी ने कहा-इन्हें कैसे पता ये मेरे हैं

बालोद। बालोद जिले में एक बुजुर्ग चूहों से परेशान है। इसे लेकर वह कलेक्ट्रेट तक पहुंच गया। वहां जब बात नहीं बनी तब वह थाने पहुंच गया है। उसने कहा है कि मैं इन चूहों से काफी परेशान हूं। इन चूहों ने मेरा घर बर्बाद कर दिया है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है।

ग्राम कचांदुर निवासी बिसाहूराम टंडन(70) ने अपने पड़ोसी युवराज मारकंडे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बिसाहूराम टंडन ने कहा कि युवराज के घर की दीवार और मेरे घर की दीवार अगल-बगल है। युवराज अनाज बेचने के काम करता है। इसलिए वह मेरे घर की दीवार तरफ धान की बोरियां रखता है। जिससे चूहे आते हैं।

चूहों ने दीवारों को ऐसे खोद दिया है।

चूहों ने दीवारों को ऐसे खोद दिया है।

बिसाहूराम ने बताया कि ये चूहे युवराज के घर के ही हैं। इन्होंने मेरे घर की दीवारों को तो खोद दिया है। बड़ी संख्या में चूहे दिन-रात मेरे घर में घुसते हैं। मैं पहले से परेशान हूं और इन चूहों के कारण मेरा घर पूरा जर्जर हुए जा रहा है। इसे लेकर बिसाहूराम सोमवार को थाने पहुंचा था। बिसाहूराम गांव में अपनी पत्नी के साथ रहता है।

पड़ोसी ने कहा-इन्हें कैसे पता ये मेरे हैं

उधर उसके पड़ोसी युवराज का अपना पक्ष है। उसका कहना है कि मैं छोटा अनाज व्यापारी हूं। मैं इतना धान रखता ही नहीं हूं। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं। वह गलत है। मुझे ये बताया जाए कि कैसे बिसाहूराम को पता है कि ये मेरे घर के चूहें हैं। ऐसे भी कोई बता सकता है क्या। इसकी शिकायत को लेकर युवराज भी थाने पहुंचा था। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।

चूहों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ लें

छत्तीसगढ़ के बस्तर में 700 करोड़ की लागत से बने मेडिकल कॉलेज में चूहे मुसीबत बन गए हैं। बीते दिनों उन्होंने सीटी स्कैन मशीन का तार काट दिया। इससे दो दिन तक जांच बंद रही थी। अब चूहे मरीजों के लिए खतरा बन रहे हैं। ये उन्हें चढ़ाए जाने वाले ग्लूकोज तक को पी जा रहे हैं।चूहों से निजात पाने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इन्हें मारने का टेंडर निकाला। इसके लिए 10 से 12 लाख रुपए का बजट रखा गया है। फिलहाल रायपुर की एक निजी कंपनी ने टेंडर लिया है, जो अब चूहे मारने और दफनाने में लगी हुई है।बीते एक महीने में 1500 से अधिक चूहे मारकर दफनाए जा चुके हैं। अस्पताल प्रबंधन का अनुमान है कि अभी करीब 4 से 5 हजार चूहे अस्पताल में मौजूद हैं।

इससे पहले चींटी पालने की आई थी शिकायत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ऐसे शख्स हैं, जो चींटी पालने का शौक रखते हैं। ये चीटियां अब पड़ोसियों के घरों में घुस रही हैं। कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मजदूरों को काट रही हैं। जिससे तंग आकर पड़ोस में रहने वाली महिला ने थाने में इसकी शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस से कहा कि, साहब- इन चीटिंयों से मुझे बचाओ। जाहिदा बेगम ने शिकायत की थीं कि, उसके पड़ोसी जुम्मन खान ने चींटियां पाल रखी हैं। जुम्मन ने घर के पास एक सिमेंटेड पॉट बना दिया है। इसमें चींटियां मंडराती रहती हैं। जाहिदा का दावा है कि उन्होंने कई बार चींटियों को हटाने का प्रयास किया। मगर अक्सर जुम्मन उन्हें धमकाया करता था, सियासी लोगों से पहचान बताकर रौब जमाया करता था।