छत्तीसगढ़ः राजधानी में नौ वर्ष के स्तर पर पहुंचा न्यूनतम तापमान, प्रदेशभर में कवर्धा सबसे ठंडा

रायपुर । इस वर्ष नवंबर के महीने में ही ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में उत्तर से आ रही ठंड के चलते लगातार ऐसा हो रहा है। शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले नौ वर्षों के स्तर पर है। इससे पहले वर्ष 2013 में 15 नवंबर को रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री पहुंचा था।

शनिवार को प्रदेशभर में कवर्धा सबसे ठंडा रहा, एडब्ल्यूएस कवर्धा का न्यूनतम तापमान 06.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।

उत्तर से आने वाली शुष्क व ठंडी हवा के कारण अब आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहर में भी ठंड बढ़ गई है। गर्म कपड़े पहनकर ही लोग घरों से बाहर निकलने लगे हैं और गर्म कपड़े संस्थानों में भी खरीदारों की भीड़ बढ़ी है। रायपुर का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री नीचे है। कवर्धा, अंबिकापुर, पेंड्रारोड में तो अभी से शीतलहर के हालात हो गए हैं। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से शुष्क व ठंडी हवा आ रही है। अब न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। 

अगले सप्ताह से और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह से प्रदेश में ठंड और बढ़ने वाली है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट और आ सकती है। बढ़ती ठंड के चलते अब होटलों में भी मेन्यू बदलने लगा है और गर्मागर्म लजीज व्यंजनों के साथ ही गर्मागर्म सूप दिया जा रहा है। साथ ही गर्म कपड़ों के स्टालों में भी खरीदारों की भीड़ बढ़ती जा रही है। यहां उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत तक छूट दिया जा रहा है। 

रायपुर में नवंबर में इस तरह रहा नौ वर्षों में न्यूनतम तापमान

2013 13.5 

2014 13.6 

2015 17.1 

2016 14.0 

2017 14.3 

2018 15.0 

2019 डाटा उपलब्ध नहीं 

2020 15.4 

2021 15.2 

2022 13.5 ( 26 नवंबर)