खरसियाः पत्नी से बात करता था पड़ोसी, इसलिए कर दिया टांगी से हमला, गिरफ्तार 

गिरफ्त में आरोपी। - Dainik Bhaskar

खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर टांगी से हमला कर दिया। जिससे वह खून से लथपथ हो गया और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल शख्स आरोपी की की पत्नी से बात किया करता था। जिसकी वजह से वह नाराज था और मौका मिलते ही उसने हमला कर दिया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, आमाडोल निवासी पंचराम राठिया(45) सोमवार शाम को अपने घर पर था। तभी उसके पड़ोस में रहने वाले कन्हैया लाल पटेल ने उस पर हमला कर दिया। कहा जा रहा है कि वह टांगी लेकर आया था और गाली-गलौज कर पंचराम पर हमला कर दिया। जिससे पंचराम गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के वक्त आस-पास कोई नहीं था। मगर चिल्लाने की आवाज सुनकर सभी मौके पर पहुंचे थे।

इसके बाद घायल को अस्पताल भेजा गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया है। अगले दिन मंगलवार को इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने भी केस दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी भी फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंचराम राठिया उसकी पत्नी से बात करता था, जो उसे पसंद नहीं था। इसलिए उसने उससे गाली-गलौज की थी। बाद में जब उसे मौका मिला उस पर हमला कर दिया।