छत्‍तीसगढ़ः प्रदेश में कल से और घटेगा पारा, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज 

रायपुर।  उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से बुधवार से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने वाली है। इससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश भर में पेंड्रा रोड में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है।

सोमवार सुबह से ही रायपुर समेत प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में आ रही गिरावट के चलते अब ठंड में बढ़ोतरी होने लगी है। विशेषकर आउटर क्षेत्रों में तो ठंड और बढ़ गई है। साथ ही घरों से गर्म कपड़े भी बाहर निकलने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा ठंड पड़ने की उम्मीद है। इस वर्ष वर्षा भी काफी दिनों तक रही और ठंड की दस्तक भी कुछ दिनों पहले ही हुई। प्रदेशभर में दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठंड बढ़ेगी। मंगलवार को तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन बुधवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो जाएगा।