छत्तीसगढ़ः पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा से पहले ही 8 हजार से ज्यादा उम्मीदवार हो गए बाहर, 62500 ही देंगे एग्जाम 

रायपुर। पुलिस विभाग में सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर के 975 पदों पर भर्ती के लिए 6 नवंबर को प्रारंभिक परीक्षा होगी। इस परीक्षा के पहले ही 8241 उम्मीदवार इस भर्ती से बाहर हो गए हैं। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक माप परीक्षण के बाद लिखित परीक्षा के लिए 70741 युवा पात्र हुए थे। लेकिन इसमें 62500 ने ही परीक्षा के लिए आवेदन किया है। 16 अक्टूबर को जावेदन करने की अंतिम तारीख खत्म हो गई है। पुलिस भर्ती के लिए पिछले साल आवेदन मंगाए गए थे। उस समय 1 लाख 48 हजार 858 ने आवेदन किया था।

सभी जांच के बाद 70741 उम्मीदवारों को पात्र माना गया था। इसमें रायपुर रेंज के 16029, दुर्ग के 18677, बिलासपुर के 21939, जगदलपुर के 5858 और सरगुजा से 8238 उम्मीदवार शामिल हैं। भर्ती के अगले चरण में व्यापमं से प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ही 26 सितंबर से 16 अक्टूबर तक आवेदन मंगाए गए थे। केवल पात्र उम्मीदवारों को ही आवेदन करना था। आवेदन की आखिरी तारीख खत्म होने के बाद करीब 8241 ने ही फॉर्म ही नहीं भरा।

पुलिस भर्ती विभिन्न चरणों में होगी। पहले चरण में दस्तावेज सत्यापन व शारीरिक माप परीक्षण के बाद अब प्रारंभिक लिखित परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले युवाओं को मुख्य परीक्षा देनी होगी। दोनों परीक्षाएं क्लियर करने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, दौड़ शामिल है।

2 घंटे की होगी परीक्षा मुख्यालयों में बनेंगे केंद्र
पुलिस भर्ती के लिए व्यापमं से 6 नवंबर को प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर व जगदलपुर संभागीय मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा 300 अंकों की होगी। इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं है। यानी सवालों के गलत उत्तर लिखने पर नंबर नहीं कटेंगे। 2 घंटे की परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी प्रश्नों के लिए 3 अंक तय है। परीक्षा में सामान्य अध्ययन, छत्तीसगढ़ का सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर की सामान्य जानकारी, सामान्य मानसिक योग्यता, गणित, हिंदी व अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

20 गुना उम्मीदवार देंगे मुख्य परीक्षा
व्यापमं से अभी प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें विज्ञापित पदों की संख्या से 20 गुना उम्मीदवार ही अगली परीक्षा के लिए चयनित होंगे। पुलिस भर्ती के तहत 975 पद हैं। अभी 62500 ने आवेदन किया है। इस तरह 19500 उम्मीदवारों का ही चयन मुख्य परीक्षा के लिए होगा। पुलिस भर्ती के तहत प्रारंभिक लिखित परीक्षा के बाद व्यापमं से ही मुख्य लिखित परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।